कुसमी,बलरामपुर 28 मार्च 2026/ नगर पंचायत कुसमी में रामनवमी का पर्व इस वर्ष श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभा यात्रा के दौरान पूरा नगर “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा और वातावरण पूरी तरह राममय हो गया।

शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों की मनमोहक झांकियां रहीं। बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान का वेश धारण कर सभी का दिल जीत लिया। उनकी मासूम अदाओं और आकर्षक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
भक्तिमय गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा और बच्चे झूमते-गाते हुए शोभा यात्रा के साथ नगर भ्रमण करते नजर आए। इस दौरान विभिन्न वार्डों के श्रद्धालुओं ने भगवा ध्वज के साथ अलग-अलग झंडा यात्राएं भी निकालीं, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एकत्रित हुईं।

परंपरा के अनुसार, इन झंडा यात्राओं का समापन ‘झंडा मिलान’ के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालु नगर स्थित भेलवारी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और नगर की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता, सौहार्द और भाईचारे का भी सशक्त संदेश दे गया।












