भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
कुसमी,बलरामपुर 11अप्रैल 2026/ जिला बलरामपुर के थाना कोरंधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुर्रीपानी-खजूरी में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में चौथे आरोपी को झारखंड राज्य के चतरा जिले से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन यादव (38 वर्ष), पिता तुला यादव, निवासी ग्राम चाया, थाना कुन्दा, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले की एंड-टू-एंड विवेचना के दौरान यह खुलासा हुआ कि झारखंड निवासी भूपेंद्र उरांव ने अधिक मुनाफे का लालच देकर स्थानीय ग्रामीणों से उनके खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती करवाई थी। भूपेंद्र को पुलिस पहले ही 15 मार्च को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में उसने बताया कि अफीम की सप्लाई वह अपने साथियों के साथ मिलकर राजन यादव को करता था।
इसके बाद पुलिस ने राजन यादव की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन 9 अप्रैल को पुलिस ने उसे झारखंड के चतरा जिले के ग्राम चाया से गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 12 मार्च को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस, एसडीओपी कुसमी, थाना प्रभारी, एसएफएल टीम एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ग्राम तुर्रीपानी-खजूरी में दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान खेत से करीब 2 करोड़ रुपए मूल्य की अफीम बरामद की गई थी। मौके से सहादुर नगेशिया (34 वर्ष) और दुईला नगेशिया (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे गिरोह की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
















