इटावा पुलिस की तत्परता से वापस मिले 30 हजार रुपये
गलत खाते में ट्रांसफर हुई रकम साइबर सेल ने कराई वापस
इटावा। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से इटावा पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में साइबर सेल टीम चौबिया ने सराहनीय कार्य करते हुए शिकायतकर्ता के गलत खाते में ट्रांसफर हुए 30 हजार रुपये शत-प्रतिशत वापस करा दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला दया थाना चौबिया निवासी रघुराज सिंह पुत्र मलखान सिंह ने 18 फरवरी 2026 को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे त्रुटिवश 30 हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संपर्क स्थापित नहीं हो सका।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष चौबिया महेंद्र सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने विभिन्न माध्यमों से साक्ष्य जुटाए और बैंक अधिकारियों तथा पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से संपर्क कर धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की।
लगातार प्रयासों और प्रभावी कार्रवाई के बाद 26 मई 2026 को शिकायतकर्ता की पूरी धनराशि 30 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
अपने रुपये वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने खुशी जाहिर करते हुए इटावा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का विशेष आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष चौबिया महेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मान सिंह, कांस्टेबल अंकित कुमार और महिला कांस्टेबल सीमा गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय खाते की जानकारी सावधानीपूर्वक जांच लें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी या गलती से धनराशि ट्रांसफर हो जाए तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, आधिकारिक पोर्टल या नजदीकी थाने पर शिकायत दर्ज कराएं।













