इटावा में सघन वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में थाना जसवन्तनगर पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।

दिनांक 26 मई 2026 को थाना जसवन्तनगर पुलिस ने बस अड्डा चौराहा, जमुनाबाग NH-2 तथा सराय भूपत कट क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड, स्टंट ड्राइविंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना रहा।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान लगभग 260 वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 50 ट्रकों पर फाल्टी नंबर प्लेट संबंधी कार्रवाई की गई, जबकि 25 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया।

इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 9 डंपर चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें, ओवर स्पीड और ओवरलोडिंग से बचें तथा सुरक्षित वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














