भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली (सैफी)
बलरामपुर, 23 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी ग्राम पंचायतों को निर्धारित विषयों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के अंतर्गत सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का वाचन एवं अवलोकन किया जाएगा। पात्रता एवं प्राथमिकता के आधार पर ग्राम सभा द्वारा सूची का अनुमोदन किया जाएगा तथा नियमानुसार दावा-आपत्ति प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम सूची आवास सॉफ्ट पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों के चयन में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित होगी।
इसके अलावा ग्राम सभा में पूर्व बैठकों के प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समीक्षा, पंचायत की आय-व्यय का अनुमोदन, विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी-रामजी) की जानकारी, पंचायत कराधान व्यवस्था, पंचायत उन्नति सूचकांक, अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, वृक्षारोपण, जल संचयन, सड़क सुरक्षा तथा आवारा पशु प्रबंधन सहित विभिन्न जनहितकारी विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। ग्राम सभाओं के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों में जनभागीदारी को बढ़ावा मिल सके।