No Result
View All Result
बलरामपुर/शंकरगढ़, 23 जून 2026। शंकरगढ़ ब्लॉक में किसानों को खाद, बीज एवं डीजल की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्याओं को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में सोमवार को आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शंकरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव (संगठन) एवं पार्षद सकील अंसारी, जिला अध्यक्ष जफर खान, लोकसभा उपाध्यक्ष शंकर भगत तथा मीडिया प्रभारी आशीष जायसवाल शामिल रहे। इस दौरान पार्टी नेताओं ने अधिकारियों से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

नेताओं ने आंदोलनरत किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और मांगों को भी सुना। किसानों ने बताया कि खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में खाद, बीज और डीजल की उपलब्धता नहीं होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि सभी सहकारी समितियों एवं सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही किसानों के लिए डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा खाद-बीज की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पार्टी नेताओं ने कहा कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को आवश्यक संसाधनों के लिए भटकना पड़ रहा है, जो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस पर अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
No Result
View All Result