इटावा: मोतीझील वाले सैयद बाबा के उर्स में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कुल शरीफ के साथ समापन
इटावा। मोतीझील वाले सैयद बाबा का 22वां सालाना उर्स मुबारक इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। उर्स के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरगाह पर पहुंचे और अमन-चैन की दुआ की। उर्स का समापन कुल शरीफ के साथ हुआ।
उर्स के पहले दिन नमाज-ए-जौहर के बाद कुरानख्वानी हुई। नमाज-ए-ईशा के बाद श्रद्धालुओं ने दरगाह पर चादर व गागर पेश की। इसके बाद महफिल-ए-समा (कव्वाली) का आयोजन किया गया।
दूसरे दिन सुबह महफिल-ए-रंग हुई। दोपहर एक बजे हजरत मोतीझील वाले सैयद बाबा का कुल शरीफ आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हाफिज फैजान अहमद चिश्ती ने कुल शरीफ में फातिहा की। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों अरशद मंसूर और जफर मंसूर ने श्रद्धालुओं को तबर्रुक वितरित किया।
आयोजकों ने उर्स में सहयोग के लिए शहरवासियों और जिला प्रशासन का आभार जताया।













