
महेवा/इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र में गुरुवार शाम बिना नंबर प्लेट के संदिग्ध ऑटो को रोकने के प्रयास में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर ऑटो समेत भरथना की ओर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने ऑटो और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे बकेवर ओवरब्रिज के नीचे ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने बिना नंबर प्लेट का ऑटो आते देखा। संदेह होने पर उन्होंने चालक को रोककर नंबर प्लेट के संबंध में पूछताछ की। इसी दौरान चालक ने ऑटो भगाने का प्रयास किया।
हेड कांस्टेबल ने ऑटो की खिड़की खोलकर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज गति से ऑटो दौड़ा दिया। इससे प्रदीप कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए बकेवर स्थित 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. शक्ति कुमार यादव ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां थानाध्यक्ष स्वयं उन्हें लेकर पहुंचे।
फिलहाल पुलिस फरार ऑटो चालक और संदिग्ध ऑटो की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।









