उत्तर प्रदेश में दरभंगा–अमृतसर एक्सप्रेस (15211) में एक महिला और उनकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
आरोप है कि ट्रेन में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने महिला को थप्पड़ मारे और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इस दौरान महिला के माथे पर गंभीर चोट आई और उनका माथा फट गया।
बताया जा रहा है कि महिला ने कांस्टेबल की किसी हरकत का विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कांस्टेबल ने महिला के साथ हाथापाई की और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
घटना उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नजीबाबाद के आसपास की बताई जा रही है। ट्रेन में महिला और उनकी बेटी के साथ हुई इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है।














