लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी यानी KGMU में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सीनियर छात्रों पर जूनियर विद्यार्थियों को सिर झुकाकर ‘प्रणाम महोदय जी’ और ‘प्रणाम मैडम जी’ कहने के लिए मजबूर करने का आरोप सामने आया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।
कार्रवाई के तहत प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा एक साल तक छात्रवृत्ति पर रोक और तीन महीने के लिए हॉस्टल से निष्कासन का फैसला भी लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद कैंपस में रैगिंग को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। सवाल यही है कि शिक्षा के मंदिर में जूनियर छात्रों के सम्मान और स्वाभिमान से खिलवाड़ करने का अधिकार आखिर किसे है?
रैगिंग पर सख्ती जरूरी है, ताकि हर विद्यार्थी सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सके।














