भरथना : सीतापुर में एक प्रतिष्ठित अखबार के पत्रकार राघवेंद्र वाजपेयी की हत्या को लेकर पत्रकारों में रोष व्याप्त है। घटना को लेकर भरथना में संयुक्त प्रेस क्लब ने शोक सभा आयोजित कर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी। संयुक्त प्रेस क्लब, भरथना के अध्यक्ष सैयद शाकिर अली की अध्यक्षता में हुई शोक सभा में पत्रकार के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई।
बैठक में पत्रकारों ने कहा कि राघवेंद्र वाजपेयी अपना काम निडरता से कर रहे थे। धान खरीद में धांधली और अनियमितता की खबरों को लेकर लेखपालों के खिलाफ एक्शन भी लिया गया था। इसी बीच पत्रकार को गोली मार दी गई। पत्रकार जान जोखिम में डाल समाज के हित में ऐसी खबरें कवर करते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। सरकार को नये कानून भी बनाने चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वालों से तुरंत निपटा जा सके।
बैठक में संजय शुक्ला, सुबोध श्रीवास्तव, प्रमोद गुप्ता,अतुल कुमार (सोनू), ज़ीशान अख्तर, गौरव गुप्ता, संदीप पाल, सोनू शर्मा, अज़ीम शानू, सुबोध यादव, सूरज कुमार, ऋषि यादव आदि पत्रकार मौजूद रहे।















