भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 22 मार्च 2025/ राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार, विधानसभा-08 सामरी के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक का आयोजन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी के श्री करुण डहरिया ने की।
बैठक में कुसमी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र भगत, उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल, पार्षद पारसनाथ पाल, पार्षद शकील अंसारी, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल, बालेश्वर राम, विनोद गुप्ता, पत्रकार कुंदन गुप्ता, कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष हरिश मिश्रा, आम आदमी पार्टी के सूर्यकांत जायसवाल और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। सुझावों के अंतर्गत निर्वाचन नामावली में नाम जोड़ने और विलोपन, मतदाता परिचय पत्र को आधार से जोड़ने, मृत व्यक्तियों के नाम विलोपित करने के लिए अधिकारियों के बीच जानकारी का आदान-प्रदान, दूरस्थ मतदान केंद्रों के लिए पृथक मतदान केंद्र बनाने, निर्वाचन क्षेत्रों का परिसिमन और प्रत्याशी के लिए अहर्ता निर्धारण के संबंध में सुझाव दिए गए।
सभी राजनैतिक दलों ने सर्व सम्मति से अपने सुझाव दिए, जिनमें प्रमुख रूप से निवास की पात्रता, मतदाता सूची में सुधार और चुनावी व्यय की सीमा निर्धारण जैसे मुद्दे शामिल हैं।














