उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग के चलते एक नाबालिग लड़की की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए देर रात शव को श्मशान घाट में जला दिया गया। यह मामला थाना तवाली ढोलना क्षेत्र के गांव घिनौना नगला का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, लड़की के परिजनों ने प्रेम संबंध की जानकारी मिलने पर युवक और नाबालिग लड़की को आगरा से पकड़ लिया था। इसके बाद परिजनों पर लड़की की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप है।
हत्या के बाद परिजन शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे और रात में चुपचाप अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि ग्रामीणों को इस पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जली हुई चिता के अवशेष बरामद किए हैं।
घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि लड़की के परिजन फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमी युवक और उसके बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।














