उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के जोनमाना गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरीश के रूप में हुई है।
मामले में दिल्ली पुलिस के सिपाही अजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी सिपाही फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिपाही अजय ने हरीश के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक का लिवर फटा हुआ पाया गया, जिससे यह साफ हो गया कि मौत अत्यधिक पिटाई के कारण हुई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने अपनी पहचान और वर्दी का रौब दिखाकर युवक के साथ हिंसा की, जिससे उसकी जान चली गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














