बीमारियों का खतरा टालने के लिए ग्रामीणों से अपील

अहेरीपुर पंचायत प्रतिनिधि संदेश वर्मा बोले – घर के आसपास कचरा न फेंके, कूड़ा गाड़ी में ही डालें
इटावा। महेवा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अहेरीपुर में बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। मौसम बदलने और बरसात के चलते गांव में मच्छर व मक्खियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इसी को देखते हुए पंचायत प्रतिनिधि संदेश वर्मा ने ग्रामीणों से साफ-सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इस समय बीमारियों का दौर चल रहा है। अगर लोग घर के आसपास कचरा फेंकेंगे तो गंदगी से मच्छर पनपेंगे और डेंगू, मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारियां फैल सकती हैं।
रोज सुबह आती हैं कूड़ा गाड़ी
संदेश वर्मा ने जानकारी दी कि पंचायत की ओर से गाड़ी प्रतिदिन सुबह कूड़ा उठाने के लिए गांव में आती हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे कचरा खुले में इकट्ठा न करें, बल्कि सीधे कूड़ा गाड़ी में डालें।
“सफाई रखेंगे तभी गांव सुरक्षित रहेगा”
उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी सिर्फ पंचायत या सफाईकर्मी की ही नहीं, बल्कि पूरे गांव की है। अगर सभी लोग थोड़ा-थोड़ा सहयोग करेंगे तो गांव को बीमारियों से बचाया जा सकता है।












