
महेवा (इटावा)। विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत पुरावली के ग्राम ढकाताल स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बुधवार को “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों ने हाथों में शिक्षा संबंधी आकर्षक स्लोगन लिखी तख्तियां और पोस्टर लेकर पूरे गांव में भ्रमण किया। “हर बच्चा स्कूल जाए, पढ़-लिखकर आगे बढ़े”, “शिक्षा है जीवन का आधार” और “सब पढ़ें, सब बढ़ें” जैसे नारों से गांव गूंज उठा। रैली के माध्यम से ग्रामीणों और अभिभावकों को बच्चों का नियमित नामांकन एवं विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक शिक्षा का संदेश पहुंचाना और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार का प्रयास है कि कोई भी बालक या बालिका शिक्षा से दूर न रहे।










