
अहेरीपुर।
ब्लॉक महेवा की ग्राम पंचायत निवाड़ी कलां स्थित जूनियर कन्या विद्यालय परिसर में आंगनवाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो गया है। निर्माण कार्य के लिए लाई गई ईंटों की गुणवत्ता बेहद खराब बताई जा रही है, जिसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनवाड़ी केंद्र छोटे-छोटे मासूम बच्चों से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान है। ऐसे में भवन निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जाना बेहद चिंताजनक है। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का ही उपयोग कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या खतरे की आशंका न रहे।
बताया गया है कि आंगनवाड़ी केंद्र भवन के निर्माण के लिए क्षेत्र पंचायत निधि से बजट स्वीकृत किया गया है। निर्माण स्थल पर मौजूद देखरेख कर रहे व्यक्ति से जब घटिया ईंटों के संबंध में सवाल किया गया तो उसने इसे “भूल से आई ईंट” बताया, लेकिन ईंटों को वापस भेजने के सवाल पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि धीरज सिंह ने कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
वहीं खंड विकास अधिकारी महेवा बृज बिहारी त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोपरि है। खराब ईंटों को तत्काल हटवाया जाएगा और निर्माण कार्य मानक के अनुरूप ही कराया जाएगा।













