बलरामपुर 14 मार्च 2026/ जिला बलरामपुर में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पटवारियों के कार्यकाल को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर के निर्देश पर बलरामपुर जिले में पटवारियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कई पटवारियों को उनके वर्तमान हल्को से हटाकर अन्य स्थानों पर पदस्थ किया गया है।

जानकारी के अनुसार जिले में कुछ पटवारी कई वर्षों से एक ही क्षेत्र में कार्यरत थे, जिससे राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर फेरबदल का निर्णय लिया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाने, आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह तबादला सूची जारी की गई है।
पटवारियों के इस बड़े फेरबदल के बाद राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है। वहीं प्रशासन को उम्मीद है कि इस निर्णय से कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और आम जनता को बेहतर व त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।














