भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बलरामपुर में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान शिक्षा के अधिकार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के संदेश के साथ नवप्रवेशी विद्यार्थियों का परंपरागत स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि कृषि मंत्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंच पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, पूर्व अध्यक्ष पुष्पा नेताम, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, रामानुजगंज अध्यक्ष रमन अग्रवाल, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से की गई।
मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “शिक्षा केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव है।” उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युक्तियुक्तकरण योजना से अब एकल शिक्षक स्कूलों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव हो सकी है।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने उपस्थित अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और शिक्षा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन है, और इस उत्सव के माध्यम से शिक्षा को जीवन का मूल आधार बनाने का संकल्प दोहराया गया है। उन्होंने इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।

बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जानकारी दी कि जिले में 2029 शासकीय विद्यालय एवं 154 आश्रम/छात्रावास संचालित हैं, जहां 8748 नवप्रवेशी छात्रों ने इस वर्ष दाखिला लिया है। वर्तमान में कक्षा 1 से 12 तक कुल 1,58,259 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। परीक्षाफल में भी बीते वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों को बैग, पाठ्यपुस्तकें, गणवेश वितरित की गईं।कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया।

साथ ही सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत 9वीं कक्षा की 10 बालिकाओं को साइकिल भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, अभिभावकों और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति से आयोजन सफल रहा।













