इटावा-जनपद इटावा में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोन दिलाने के नाम पर यूपीआई के माध्यम से ठगे गए चार लाख रुपये पीड़ित को शत-प्रतिशत वापस करा दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सराहनीय कार्य किया। मामला थाना भरथना क्षेत्र के ग्राम टाडा निवासी देवेश कुमार से जुड़ा है, जिनकी पत्नी के खाते से सात फरवरी 2026 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा लोन का झांसा देकर चार लाख रुपये निकाल लिए गए थे।
शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना सक्रिय हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में बैंक अधिकारियों और पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया। तकनीकी साक्ष्य जुटाकर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप पूरी धनराशि वापस कराई जा सकी।
अपने रुपये वापस पाकर पीड़ित ने खुशी जाहिर करते हुए इटावा पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया है।
इटावा पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश मानी जा रही है।














