इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि मामले में नामजद पांच अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इटावा के थाना इकदिल पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में आरोपी फिरोज खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला ग्राम चितभवन निवासी रोजिस मंसूरी की शिकायत से जुड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2022 में उसका निकाह नई बस्ती इकदिल निवासी अरशद खान से हुआ था। विवाह में उसके पिता ने कार, जेवर और अन्य सामान सहित करीब 25 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त 20 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। सितंबर 2024 में गर्भावस्था के दौरान उसके साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद गंभीर हालत में उसका इलाज अहमदाबाद में कराया गया।
शिकायत के अनुसार, पति अरशद खान ने कथित तौर पर उसे कागजों में मृत दर्शाकर बिना तलाक लिए दूसरी शादी भी कर ली। जब पीड़िता और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना इकदिल पुलिस ने पति अरशद खान, ससुर फिरोज खान, सास नसरीन बेगम, ननद अल्तसा, शेजल और सहयोगी रईश के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने एक आरोपी फिरोज खान को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि बाकी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट – अल्ताफ अंसारी, इकदिल (इटावा)।













