इटावा पुलिस ने ऑटो लूटकांड का किया खुलासा
एक आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और लूटा गया ऑटो बरामद
इटावा। जनपद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना लवेदी क्षेत्र में हुई ऑटो लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार चौहान उर्फ मनू के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और लूटा गया ऑटो बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई ददौरा पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा गया।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ में आरोपी ने 1 मई को हुई ऑटो लूट की वारदात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इटावा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।














