
लखना रेंज में 6 साल की सेवाओं के दौरान किए गए कई सराहनीय कार्य
महेवा (इटावा)। महेवा सामाजिक वानिकी प्रभाग, लखना रेंज स्थित महेवा पौधशाला में बुधवार को वन दरोगा महेश यादव को स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारी संघ अध्यक्ष गंभीर सिंह यादव ने की, जबकि संचालन प्रवक्ता शिव शंकर यादव ने किया। मुख्य अतिथि वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार समेत विभागीय कर्मचारियों ने श्री यादव को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
जनवरी 2020 में लखना रेंज में वन रक्षक के रूप में आए महेश यादव को कार्यकुशलता और समर्पण के चलते वन दरोगा पद पर पदोन्नति मिली। अपने कार्यकाल में उन्होंने वन संरक्षण, वृक्षारोपण और कई वन सुरक्षा समितियों का गठन कर सराहनीय योगदान दिया।
लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता शिव शंकर यादव ने उन्हें साहसी, निर्भीक और सरल स्वभाव का अधिकारी बताते हुए कहा कि छोटे से कार्यकाल में उन्होंने समाज और विभाग में गहरी छाप छोड़ी है।
इस मौके पर नए वन दरोगा शुभम गौतम ने कहा कि “स्थानांतरण नौकरी का हिस्सा है, पर महेश सर से जो अनुभव मिला, उसी आधार पर और बेहतर करने की कोशिश करूंगा।”
भावुक हुए महेश यादव ने कहा कि “आज जो भी हूं, वह आप सबके सहयोग और स्नेह की वजह से हूं। इसी प्रेम ने मुझे हमेशा जिम्मेदारी निभाने की ताकत दी।”
विदाई समारोह में जिलाध्यक्ष पंचायती राज विजय प्रताप सिंह सेंगर, कई ग्राम प्रधान, विभागीय कर्मचारी और क्षेत्रीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।












