शनिवार को गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान भरवालिया गांव निवासी दिनेश निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिनेश किसी काम से अपनी पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आई एक कार में सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। युवक द्वारा बाइक भगा कर निकलने की कोशिश करने पर बदमाशों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर गोली मार दी।

गोली लगने से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद हमलावर तेजी से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावनाओं के आधार पर जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को भेजा गया है।














