इटावा। महेवा क्षेत्र के कस्बा निवाड़ी कलां में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित हो रहे क्लीनिक और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच की। नोडल अधिकारी सत्येंद्र यादव के कस्बे में पहुंचते ही कई झोलाछाप डॉक्टरों और संदिग्ध पैथोलॉजी सेंटरों के शटर बंद हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
नोडल अधिकारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि वे एक शिकायत की जांच के सिलसिले में निवाड़ी कलां पहुंचे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कस्बे में बिना अनुमति के एक अवैध पैथोलॉजी सेंटर संचालित किया जा रहा है।
जांच के दौरान शिकायत वाले स्थान पर पहुंचने पर वहां परचून की दुकान मिली। दुकान मालिक अमर सिंह शाक्य ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें बेवजह परेशान करने के लिए शिकायत की गई है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अहेरीपुर में संचालित एक अन्य पैथोलॉजी सेंटर की भी जांच की। इस दौरान सेंटर के दस्तावेजों और संचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग का अभियान झोलाछाप चिकित्सकों और बिना पंजीकरण के चल रहे क्लीनिक व पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा। अवैध रूप से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में मरीजों के साथ हो रहे खिलवाड़ पर रोक लगाई जा सके।












