भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 23 मार्च 2025 – बलरामपुर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने विकासखंड कुसमी का दौरा करते हुए विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत लंबित पंजीयन और स्वीकृति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द लाभ मिलना चाहिए और निर्माण कार्य में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।

सीईओ ने जनपद कार्यालय में पंजीयन कार्य का निरीक्षण किया और इस प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पंचायत स्तर पर व्यापक अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलवाने की आवश्यकता है।

इसके अलावा, सीईओ ने जनपद पंचायत कुसमी में तकनीकी सहायकों की बैठक की और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवास निर्माण कार्यों की जानकारी ली और इन कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और पक्के मकान प्रदान करना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से बात की और उन्हें शीघ्र आवास निर्माण पूरा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी हितग्राही अपना आवास समय पर पूरा करें।

इस दौरान, श्रीमती तोमर ने ग्राम पंचायत गजाधरपुर में शासकीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, शौचालय, खेलकूद सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों के पोषण स्तर और स्वास्थ्य जांच पर ध्यान देने को कहा।
ग्राम पंचायत कंजिया में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी बातचीत की गई। उन्होंने महिलाओं को आवास निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया, जिससे रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
छूटे हुए पात्र परिवारों के लिए सर्वेक्षण:
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वंचित रह गए परिवारों के लिए ‘आवास प्लस 2.0’ ऐप के माध्यम से सर्वेक्षण कार्य शुरू किया गया है। जिले के सभी जनपद पंचायतों में इस कार्य के लिए सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र को नियुक्त किया गया है।














