भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर-कुसमी, 31 जुलाई 2025/ बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र का मामला है, जहां मिर्ची बाड़ी में अवैध बिजली करंट बिछाकर एक युवक ने खेत की रखवाली के नाम पर जानलेवा जाल बिछा दिया, जिसकी चपेट में आकर एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 23 जून 2025 की रात करीब 10:30 बजे की है। मृतक रामदेव नगेसिया अपने बैल को घर ला रहा था, तभी बैल अचानक भागने लगा और जतरू नगेसिया की मिर्ची बाड़ी की ओर चला गया। बैल के पीछे-पीछे दौड़ रहे रामदेव जब बाड़ी के पास पहुंचे, तो वहां बिछाए गए नंगे बिजली के तारों की चपेट में आ गए। करंट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचक अजय नगेसिया और रामसाय नगेसिया ने कुसमी थाने में मौखिक सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 43/2025 धारा 194 BNSS के तहत जांच शुरू की। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि श्रवण कुमार नगेसिया (उम्र 19 वर्ष) निवासी अमरपुर घुईझरिया पारा ने अपने खेत की रखवाली के लिए ट्रांसफार्मर ग्रिड से अवैध रूप से नंगा तार खींचकर करंट चालू किया था, जो किसी भी वक्त जानलेवा साबित हो सकता था — और हुआ भी यही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/2025 के तहत धारा 105 BNS एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 में मामला दर्ज किया। पूछताछ में श्रवण कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
यह मामला साफ चेतावनी है कि खेतों में इस तरह का अवैध करंट फैलाना न केवल कानूनन जुर्म है, बल्कि किसी की जिंदगी भी छीन सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।














