हापुड़: उत्तर प्रदेश एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हापुड़ में बदमाशों के साथ मुठभेड़ की। इस दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात शार्प शूटर नवीन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवीन कुमार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सक्रिय सदस्य था और हाशिम बाबा गैंग के साथ मिलकर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका था। उस पर कई संगीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज थी और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

इस संयुक्त ऑपरेशन को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जो राजधानी दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम है।














