कुसमी/बलरामपुर 09 जुलाई। कुसमी नगर में लगातार हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक एवं उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, दो टीवीएस जूपिटर स्कूटी तथा चोरी का अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 19-20 जून 2026 की रात तिवारी कॉलोनी की है, जहां अज्ञात चोर ने तसिया एक्का के किराये के मकान की खिड़की की जाली उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और स्कूटी की चाबी निकालकर TVS जूपिटर (CG-14 MQ-0463) चोरी कर फरार हो गया।

इसके बाद 1-2 जुलाई 2026 की रात वार्ड क्रमांक 4, जशपुर रोड निवासी चंदन गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, एप्पल मोबाइल और घर के बाहर खड़ी टीवीएस जूपिटर स्कूटी चोरी कर ली। लगातार हुई दो घटनाओं से नगर में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश तथा एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर अंबिकापुर से एक विधि से संघर्षरत बालक तथा चोरी का सामान छिपाने में सहयोग करने वाले सुरेंद्र नगेशिया को हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों चोरी की घटनाओं में चोरी गई दो स्कूटी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर लिया। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 09 जुलाई को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना कुसमी एवं सामरी पुलिस के सहायक उप निरीक्षक दीपक बड़ा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निरेंद्र भंडारी, जयश्री वर्मा, प्रधान आरक्षक विकास कुजूर, संजय साहू तथा आरक्षक मनोज लकड़ा, धीरेंद्र चंदेल और विकास भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुसमी पुलिस की इस कार्रवाई से नगर में सक्रिय चोरी गिरोह का खुलासा होने के साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली है।














