मुंबई के भांडुप इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर एक बस ने 13 पैदल लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक बस को रिवर्स कर रहा था, इसी दौरान बस अचानक बेकाबू हो गई और स्टेशन के बाहर पैदल चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बस चालक की लापरवाही थी या तकनीकी खराबी के चलते बस बेकाबू हुई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद रेलवे स्टेशन के बाहर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।














