भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमनलाल और नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी श्री आलोक कुमार वाजपेयी ने जिले के विकासखंड कुसमी के दूरस्थ ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों के कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य रूप से ग्राम पंचायत भूताही, पुंदाग और पीपरढाब का दौरा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा परिवारों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम चटनियां से सबाग तक बन रहे सड़कों और पानी निकासी के लिए बन रही नालियों का भी अवलोकन किया। इसके अलावा, निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।

भूताही गांव के ग्रामीणों ने सड़कों के निर्माण से नलकूप खनन वाहन के पहुंचने की खुशी जाहिर की। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों के निर्माण से इन दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन, व्यापार और रोजगार जैसी सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिलेगी।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी कुसमी करुण डहरिया, जनपद सीईओ अभिषेक पाण्डेय और कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाई जीएस सिदार समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।














