भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत डीपाडीह कला में आयोजित परंपरागत कृषि मेला और खरीफ फसल बीज वितरण कार्यक्रम में किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए किसानों को खरीफ फसलों के बीज वितरित किए और कृषि को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिले के उप संचालक एवं कृषि वैज्ञानिक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती चिंतामणि भगत, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियवन्दा सिंह देव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता पैकरा, जनपद सदस्य तिलासाय, अमीन साय, पूर्व उपाध्यक्ष अमिताभ सिंह देव, विधायक प्रतिनिधि मुकेश कश्यप सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंचगण और बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।

विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें परंपरागत कृषि के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “किसानों की तरक्की ही हमारे क्षेत्र की असली तरक्की है। सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और उन्नत खेती करें।”

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत बीजों की उपयोगिता और नई खेती तकनीकों की जानकारी दी, जिससे किसानों का उत्साह दोगुना हो गया।













