अनिल कुमार इकदिल
इकदिल। कस्बा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही इलाज की उम्मीद में मरीज दवा लेने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचने लगते हैं लेकिन डॉक्टर मौजूद न होने के कारण मरीजों को बिना दवाई के घर वापस लौटना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई बार डॉक्टर के समय पर न आने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। खासकर दूर-दराज से आने वाले मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। अस्पताल में मौजूद वार्ड बॉय विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें भी डॉक्टर के न आने की सही वजह की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि “हमें यह नहीं पता कि डॉक्टर किस कारण से आज नहीं आए हैं।” इस जवाब से मरीजों में और अधिक नाराजगी है। मरीजों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले की जांच कर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। जिससे आम जनता को बेहतर और समय पर इलाज मिल सके।
इस प्रकरण में क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि इकदिल के आरोग्य मंदिर में डॉ प्रमोद की ड्यूटी है। उनकी ड्यूटी पहले परीक्षा में लगी थी। जिस कारण वह पहले नहीं आते थे। वहीं वर्तमान के बारे में डॉक्टर का बचाव करते हुए बताया कि हो सकता है कि ऑफिस में बिल देने आये हों। जिस कारण संस्थान पर मौजूद नहीं होंगे।














