इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
साइबर फ्रॉड के पैसे से खरीदी गई महिंद्रा कार कुर्क
इटावा। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इटावा पुलिस ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड और आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई एक महिंद्रा कार को कुर्क कर लिया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के पर्यवेक्षण में की गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, थाना बसरेहर क्षेत्र के रहने वाले अभियुक्त रौकी राणावत पुत्र राकेश कुमार के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। विवेचना के दौरान यह सामने आया कि उसने महिंद्रा कार (UP75 AN 9191) को अवैध तरीके से अर्जित धन, खासकर ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से खरीदा था।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को कुर्क कर लिया।
जब्त वाहन का विवरण
महिंद्रा कार (UP75 AN 9191)
अनुमानित कीमत: ₹8,09,000/-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसा जा सके।














