ईद-उल-फित्र की नमाज़ अदा की गईं गले मिलकर लोगों ने दी मुबारकबाद
भरथना: शनिवार को नगर में ईद-उल-फित्र का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जवाहर रोड स्थित प्रकाश इंटर कॉलेज के समीप ईदगाह तथा मोहल्ला सराय की छोटी मस्जिद में नमाज़ अदा कर लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। सुबह से ही नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचने लगे। समयानुसार सुबह 8:30 बजे ईदगाह व सराय की छोटी मस्जिद में नमाज़ बड़े अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सौहार्द की झलक देखने को मिली। नमाज़ से पूर्व मौलाना फहीम रज़ा ने ईद-उल-फित्र की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए लोगों को आपसी प्रेम, सौहार्द और इंसानियत का संदेश दिया। ईदगाह में नमाज़ हाफिज अब्दुल हसीब रज़ा ने अदा कराई, जबकि सराय की छोटी मस्जिद में हाफिज महमूद चिश्ती ने नमाज़ का नेतृत्व किया।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र उपजिलाधिकारी काव्या सी. पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदबन मौर्य व थाना प्रभारी विक्रम सिंह,चौकी इंचार्ज तन्मय चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ईद के इस पावन अवसर पर पूरे नगर में उल्लास का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर और शुभकामनाएं देकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।














