अनिल कुमार इकदिल
इकदिल। शराब के नशे में निर्दयी पिता ने चार महीने की मासूम को जमीन में पटक दिया जिससे मासूम की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद मां का रो रोकर बुरा हाल है। थाना जसवंतनगर के गांव बिहारीपुर की रहने वाली मोहिनी पत्नी नारायण ने बताया कि उसकी शादी गांव बिहारीपुर के रहने वाले सतीश पुत्र जगदीश के साथ हुई थी। करीब दो वर्ष पहले ट्रेन की चपेट में आने से पति की मौत हो गई। जिसके बाद परिवार की सहमति से उसकी शादी देवर नारायण के साथ कर दी गई। महिला के पहले पति से बेटी काव्या (5) तथा दूसरे पति से बेटा शिवांश तथा दिव्यांशी थीं। बताया कि वह लम्बे समय से अपने मायके गांव नेवरपुर थाना इकदिल में रह रही थी। करीब पंद्रह दिन पहले वह अपने ससुराल चली गई। बताया कि पति कुछ दिन से शराब के नशे में उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करता था। सोमवार को पति पत्नी के बीच विवाद हुआ जिसके बाद गुस्साए पति ने शराब के नशे में दिव्यांशी उम्र करीब साढ़े चार माह तथा शिवांश को जमीन में पटक दिया। जिससे चार माह की मासूम के सिर में चोट लग गई और कानों से खून निकल आया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे जाँच के बाद मृत घोषित कर दिया। इधर मामले की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुँच गए। जिसके बाद मृत बच्ची व मां को मायके गांव नेवरपुर ले आये। कार्यवाही के उद्देश्य से पीड़ित ने मामले की जानकारी इकदिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जाँच पड़ताल में जुट गए। मामले में एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पति पत्नी के बीच में विवाद हुआ जिसके बाद शराब के नशे में पिता ने अपनी मासूम बेटी को जमीन में पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।













