इटावा में देरी से दस्तक देती सर्दी, रात ढलते ही कड़कती ठंड ने दिखाया रुख

इटावा : दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है और अब जाकर शहर में सर्दी ने अपनी दस्तक स्पष्ट रूप से दे दी है। आमतौर पर नवंबर के महीने से ही कोहरे और ठंड की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस बार मौसम ने एक अलग ही रुख दिखाया है। सर्दी की शुरुआत में हुई इस देरी के बाद, अब ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है 5 दिसंबर की शाम जैसे ही रात के करीब 9:00 बजे हुए, मौसम में एकाएक तेजी से बदलाव आया। तापमान गिरते ही ठंडी हवाओं ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया और लोगों को कपकपा दिया। अचानक बढ़ती इस सर्दी ने शहर के दैनिक जीवन पर स्पष्ट प्रभाव डाला है।
रात के समय घर से निकलने वाले लोग अब पूरी तरह से सर्दी-रोधी उपकरणों के साथ ही बाहर कदम रख रहे हैं। मोटे जैकेट, गर्म टोपे, मफलर और जूतों का इस्तेमाल अब अनिवार्य हो गया है। खुले में काम करने वाले लोग, विशेष रूप से दुकानदार और ठेले वाले, ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर अपना गुजारा कर रहे हैं। चाय के ठेलों और रात के खाने के स्टॉल्स के आसपास अलाव के इर्द-गिर्द लोगों का जमावड़ा देखा जा सकता है, जहां लोग हाथ सेलने के साथ-साथ गपशप भी कर रहे हैं मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वह गर्म कपड़े पहनें और विशेषकर बुजुर्ग व बच्चों का विशेष ध्यान रखें। हालांकि सर्दी ने इस बार देरी से दस्तक दी है, लेकिन अब लग रहा है कि यह अपने पूरे तेवर के साथ आई है और जनजीवन को प्रभावित करेगी।











