भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,कुसमी, 30 जनवरी 2026/ धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं एवं किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी द्वारा एकदिवसीय सांकेतिक चक्काजाम व धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देशानुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव के मार्गदर्शन में व कुसमी ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मिश्रा के नेतृत्व में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने धान खरीदी की तिथि बढ़ाने, समय पर टोकन जारी करने, धान उठाव में तेजी लाने तथा किसानों के हितों की अनदेखी बंद करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्तमान व्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के तत्वावधान में यह चक्काजाम कुसमी बस स्टैंड के समीप किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं किसान उपस्थित रहे।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कुसमी करुण डहरिया मौके पर पहुंचे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें किसानों की समस्याओं से संबंधित राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए किसानों की जायज मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष मुजस्सम नजर एवं नगर पंचायत कुसमी अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह अहिंसात्मक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के सम्मान में सड़क पर उतरी है और जब तक धान खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक किसानों की आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में मनरेगा बचाव अभियान के प्रभारी जीतेंद्र गुप्ता, लालसाय मिंज, खसरू बुनकर, संतोष इंजीनियर, फरीद खान, जिलेश्वर राम, पूर्णिमा सेमरिया, मुदस्सिर इराकी, दीपक बुनकर, वेदांत भारती, जफर रहमानी, सद्दाम खान, राजेश एक्का सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।














