बलरामपुर, कुसमी 28 जनवरी 2026। जिला बलरामपुर के विकासखंड कुसमी अंतर्गत स्कूल परिसर में शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है।
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कुसमी करूण डहरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील चांदो के ग्राम नवाडीहकला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बरवाडीह के सामने ग्राम डूमरखोरका निवासी विकास पैकरा (19 वर्ष) एवं संजय कोरवा (19 वर्ष) शराब के नशे में शोर-शराबा कर रहे थे। इस दौरान दोनों युवकों द्वारा विद्यालय के शिक्षकों को मारपीट करने की धमकी भी दी जा रही थी, जिससे स्कूल परिसर में भय और अव्यवस्था का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर विद्यालय के शिक्षकों ने थाना चांदो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों को थाना लाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों युवक आक्रोशित हो गए और शिकायतकर्ताओं तथा पुलिस कर्मचारियों से भी वाद-विवाद करने लगे, जिससे थाना परिसर में भी विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत इस्तगासा तैयार कर उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी कुसमी के न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को जिला जेल रामानुजगंज निरुद्ध करने का आदेश दिया गया।












