अनिल कुमार इकदिल
इकदिल। थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में गंग नहर में नहाने गया एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई तथा युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के कटरा शमशेर खान निवासी 18 वर्षीय समीर पुत्र अबरार शनिवार दोपहर अपने चचेरे भाई शानु और अन्य दोस्तों के साथ पिलखर छाल पुल के पास गंग नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान समीर अचानक नहर के तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। सीओ सिटी अभय नारायण राय तथा थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और खोज अभियान की निगरानी की।

गोताखोरों की टीम ने कई घंटे तक नहर में युवक की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा लगातार खोजबीन जारी है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही युवक का पता लगाने का प्रयास सफल होगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से नहरों और गहरे जलाशयों में सावधानी बरतने की अपील की है।












