पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित: सिविल जज अभिषेक कुमार सिंह ने बच्चों को सिखाए पॉक्सो एक्ट और आत्मरक्षा के गुण
पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल मानिकपुर मोड़ ग्वालियर बायपास इटावा के प्रांगण में 28 सितंबर 2026 को विधिक साक्षरता दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे सिविल जज (सीनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक कोर्ट) श्री अभिषेक कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट 2012 (POCSO Act) और उनके कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। मंच पर स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (पीएलवी) श्याम सुंदर और शिवदीप विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शिविर को संबोधित करते हुए सिविल जज श्री अभिषेक कुमार सिंह ने सरल और सहज भाषा में विद्यार्थियों को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण के कानून (पॉक्सो एक्ट 2012) की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को ‘गुड टच और बैड टच’ के अंतर को समझाते हुए कहा:

“किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति को कभी छिपाएं नहीं। सबसे पहले अपने माता-पिता और शिक्षकों से खुलकर बात करें। आपका कानून हर कदम पर आपकी सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए मुस्तैद खड़ा है।”
उन्होंने बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों—15100, 112, 1098 के बारे में भी बताया।
स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने न्यायिक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ कानूनी जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे निडर होकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हैं।
इस अवसर पर स्कूल का समस्त शिक्षक वर्ग एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।













