ताखा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाराबंकी में तैनात क्षेत्राधिकारी (सीओ) नरेंद्र सिंह और उनके साथ कार में सवार सिपाही योगेंद्र सिंह घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही ऊसराहार पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सैफई स्थित आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया। सीओ नरेंद्र सिंह की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे सीओ नरेंद्र सिंह और सिपाही योगेंद्र सिंह निजी कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ऊसराहार थाना क्षेत्र के खरगुआ के पास किलोमीटर संख्या 125.5 पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दोनों लोग घायल हो गए। सीओ नरेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की सुरक्षा टीम के संतोष सिंह और कुदरैल चौकी प्रभारी ब्रजकिशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।
प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, दोनों घायलों को उपचार के लिए सैफई स्थित आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













