मकान में चोरी करने वाले चार शातिर गिरफ्तार
सोने-चांदी के आभूषण और 2.32 लाख रुपये भी मिले चोरी के माल से खरीदी थी कार
इटावा : मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 35.850 ग्राम सोने और 541 ग्राम चांदी के आभूषण, 2.32 लाख रुपये नकद और करीब 12 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार मार्च 2026 को फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के प्रकाश नगर, मेहरा चुंगी निवासी सीमा देवी के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी से आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी।

एसएसपी के निर्देश पर 24/25 नवंबर की रात एसओजी और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस टीम ने देशामऊ रोड हाईवे अंडरपास के पास पुराने कब्रिस्तान के नजदीक एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपित कार में बैठकर चोरी के सामान और रुपये का बंटवारा कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों में गौतम यादव निवासी नकासा, आशिक मंसूरी निवासी शाहगंज, राम वर्मा निवासी गाड़ीपुरा और पूजा यादव निवासी प्रकाश नगर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी के आभूषण बेचकर कार खरीदने की बात बताई। पुलिस ने चार सोने की चूड़ियां, पांच अंगूठियां, दो जोड़ी कान के टॉप्स, चांदी की करधनी और चार जोड़ी पायल बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपित विजय मान की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।














