होली पर्व के मद्देनजर डीएम–एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ भरथना कस्बे में किया पैदल गश्त
भरथना/इटावा: होली पर्व के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ भरथना कस्बे में पैदल गश्त किया। उनके साथ क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य भी मौजूद रहे। पैदल गश्त की शुरुआत इटावा–कन्नौज हाईवे से हुई, जो सरोजनी रोड, सब्जी मंडी होते हुए बालूगंज के अंतिम छोर तक की गई। इस दौरान अधिकारियों ने बाजार की सुरक्षा,भीड़-भाड़ और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। सब्जी मंडी क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ और सड़कों तक फैली दुकानों को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानें फुटपाथ के अंदर लगाएं और आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता छोड़ें।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा, अगर यहां आग लग गई तो कुछ नहीं बचेगा। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी अंदर तक नहीं पहुंच पाएगी। उन्होंने बाजार में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने आमजन से संवाद कर होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश फुटपाथ के अंदर लगाएं दुकानें है

गश्त के दौरान डीएम और एसएसपी ने बालूगंज क्षेत्र में ट्रैक्टर पर गन्ना बेचने आए एक किसान से भी बातचीत की। अधिकारियों ने मुस्कुराते हुए गन्ने का भाव और उसके आगमन स्थल की जानकारी ली, जिससे आमजन में सकारात्मक संदेश गया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी विक्रम सिंह, क्राइम अरिर्मदन सिंह, चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को भी परखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।













