इटावा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतर्रजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 15 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन, एसओजी और सर्विलांस टीम द्वारा संयुक्त रूप से बलराम सिंह चौराहे के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों में इटावा, मैनपुरी और आगरा के रहने वाले सुमित उर्फ लुक्का, शीलू, सुखवीर उर्फ नेता और बृजेश शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने कई जिलों में बाइक चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। ये आरोपी चोरी की बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका रंग-रूप बदलकर उन्हें मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बेचते थे।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई 15 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें स्प्लेंडर, पल्सर, बुलेट, एक्टिवा सहित कई ब्रांड शामिल हैं। मुख्य आरोपी सुखवीर उर्फ नेता के खिलाफ करीब 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इस कार्य की सराहना की है।














