भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 27 जून 2025/ दूर-दराज़ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की ज़मीनी हकीकत जानने के लिए आज बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने मनोहरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा और मौके पर मौजूद मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

साफ-सफाई से लेकर दवाइयों तक सब कुछ हुआ चेक!
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, भवन की स्थिति, बैठने की व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति और पेयजल सुविधा का बारीकी से जायज़ा लिया। उपस्थिति पंजी देखकर यह भी सुनिश्चित किया गया कि डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी समय पर ड्यूटी पर मौजूद हैं या नहीं।

मरीजों से सीधे बात, जानी इलाज की सच्चाई!
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बात कर पूछा कि उन्हें समय पर इलाज और दवाइयां मिल रही हैं या नहीं। एक गर्भवती महिला से बातचीत कर प्रसव सुविधा की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन व्यवस्था और रेफरल सुविधाओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

सावधान! बरसात में बढ़ सकते हैं सर्पदंश के मामले
मानसून के आगमन और संभावित सर्पदंश मामलों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता जांची। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि गांवों में सर्पदंश के प्रति जागरूकता फैलाई जाए और लोगों को प्रशिक्षित किया जाए कि वे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।
⚠️ लापरवाही नहीं चलेगी!
अंत में कलेक्टर ने दो टूक कहा — स्वास्थ्य सेवाओं में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य है।














