भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 02 जुलाई 2025/ बलरामपुर जिले के कुसमी थाना से तामिली नोटिस देने के नाम पर पश्चिम बंगाल गए दो प्रधान आरक्षकों को अनर्गल गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में उन्हें बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बाहर भेजने वाले कुसमी थाना प्रभारी निरीक्षक ललित यादव को भी निलंबन की कार्रवाई झेलनी पड़ी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षक ललित यादव ने एक शिकायत की जांच के दौरान थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक विष्णुकांत मिश्रा और प्रांजुल कश्यप को तामिली नोटिस की सेवा के लिए आसनसोल (पश्चिम बंगाल) भेजा था, लेकिन इसके लिए किसी उच्च अधिकारी की पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी।
वहीं, शिकायत मिली कि दोनों आरक्षक तामिली पर अमल करने की बजाय वहां अनर्गल कार्यों में लिप्त रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज ने तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र बलरामपुर में अटैच कर दिया है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है।













