बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महेवा ब्लाक के ग्राम अहेरीपुर में हर साल की तरह इस बार भी सड़कें पानी में डूब गई हैं। ग्राम अहेरीपुर से नगरिया जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गौरतलब है कि इसी रास्ते पर हफ्ते में दो बार बाजार की सब्जी मंडी लगती है, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों की आवाजाही इसी रास्ते से होती है। मगर जलभराव के कारण मंडी तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अभी सावन का पहला हफ्ता ही शुरू हुआ है, ऐसे में आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान की मांग की है ताकि रोजमर्रा के काम और बाजार आने-जाने में राहत मिल सके।












