भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 19 अगस्त 2025/ नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ के मौके पर अगस्त माह जिले में जागरूकता की जंग छेड़ दी गई है। 1 अगस्त से 31 अगस्त तक चल रहे इस विशेष अभियान में गांव-गांव, स्कूल-कॉलेज और संस्थानों में नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई जा रही है।

लोगों को बताया जा रहा है कि नशा सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी खोखला करता है। तम्बाकू, सिगरेट, शराब और मादक पदार्थों का सेवन कैंसर, दिल की बीमारी और फेफड़ों की समस्या जैसी घातक बीमारियों को न्योता देता है। धीरे-धीरे नशा इंसान को मौत की ओर धकेल देता है। जागरूकता कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि वे न केवल खुद नशे से दूर रहेंगे, बल्कि दूसरों को भी “नशामुक्त जीवन” की राह दिखाएंगे।

गौरतलब है कि ये मुहिम कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में चल रही है, ताकि नशामुक्त भारत का सपना हर गली-मोहल्ले तक पहुंचे।














