इटावा के अहेरीपुर में दरोगा धीरेंद्र पटेल ने दी ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी, लोगों ने की जमकर सराहना

इटावा जिला के ग्राम अहेरीपुर में चौकी इंचार्ज दरोगा धीरेंद्र पटेल ने शनिवार को अहेरीपुर पुरानी सब्जी मंडी में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों और व्यापारियों को बताया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी और साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए हर नागरिक को सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

दरोगा धीरेंद्र पटेल ने लोगों से कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन फ्रॉड या साइबर ठगी जैसी घटना होती है तो वह तुरंत 1930 नंबर पर कॉल कर रिपोर्ट करें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल्स, एटीएम पिन या यूजर आईडी-पासवर्ड साझा न करें।
उन्होंने बताया कि ठग अक्सर खुद को बैंक अधिकारी, मोबाइल कंपनी या सरकारी कर्मचारी बताकर लोगों से जानकारी मांगते हैं, लेकिन ऐसे किसी भी कॉल या लिंक पर भरोसा न करें। सतर्कता ही सुरक्षा है।
दरोगा जी की इन बातों को सुनकर वहां मौजूद ग्रामीणों और व्यापारियों ने उनकी सराहना की और कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समय-समय पर होते रहने चाहिए ताकि गांव में कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार न बने।
अहेरीपुर में इस पहल से लोगों में जागरूकता का माहौल देखने को मिला और सभी ने दरोगा धीरेंद्र पटेल का आभार जताया कि उन्होंने आम जनता को इतनी महत्वपूर्ण जानकारी दी।













